बागेश्वर। हड़बाड़ गांव का बचीगांव तोक यातायात सुविधा से वंचित है। गांव में पेयजल की भी उचित व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने सड़क और पानी की मांग के लिए डीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जल्द समस्याओं का निदान कराने की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बचीगांव वल्ली और पल्ली में सामान्य और एससी वर्ग के 72 परिवार निवास करते हैं, लेकिन गांव को अब तक सड़क से नहीं जोड़ा गया है। ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक आने के लिए करीब पांच किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। बच्चों को विद्यालय और बुजुर्गों को सड़क तक लाने में परेशानी होती है। बीमार को अस्पताल लाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता है।
कई बार ज्ञापन दिए गए लेकिन समस्या जस की तस बनी है। वहीं ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत बन रही पेयजल योजना में एक इंच का पाइप लगाए जाने पर नाराजगी जताई। कहा कि स्वीकृत पेयजल योजना में एक इंच की पाइप लाइन लगाने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सकेगा और लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का भी निदान नहीं होगा। ग्रामीणों ने डीएम से मामले का संज्ञान लेने की मांग की। इस मौके पर राम प्रसाद, मनोहर लाल, दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद रहे।