बागेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गोगिनापानी में बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल राम अविवाहित के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक गोपाल राम अपने साथी पुष्कर सिंह (52) पुत्र तेज सिंह, निवासी गोगिनापानी, जीवन सिंह (45) पुत्र प्रताप सिंह, निवासी फल्यांटी और योगेश जोशी (28) पुत्र नंदा बल्लभ जोशी के साथ सुबह से ही एक साथ बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि चारों लोग सुबह से ही शराब पी रहे थे और उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी व विवाद हो गया।
शाम करीब पांच बजे गोगिनापानी स्थित एक दुकान के पास अचानक इनके बीच विवाद काफी बढ़ गया और आपस में मारपीट व झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान गोपाल राम की संदिग्ध मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल परिजनों या किसी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया शराब के नशे में आपस में झगड़ा होने की बात सामने आ रही है। पुलिस हर कोण से मामले की गहनता से जांच कर रही है। - अजय साह, सीओ, बागेश्वर