बागेश्वर। नगर में ढाई करोड़ रुपये में किन्नरों की गद्दी हस्तांतरित होने का वीडियो वायरल हो रहा है। यह मामला चर्चा में बना हुआ है। हालांकि पुलिस के पास इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। हां किन्नरों ने जमीन संबंधी मामला डीएम के सामने अवश्य उठाया।
बीते मंगलवार की शाम से नगर में यह खबर चर्चा का विषय बनी है कि बागेश्वर में किन्नरों के एरिया का करोड़ों में सौदा हुआ है। बुधवार को इस मामले से संबंधित एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वायरल वीडियो में ढाई करोड़ रुपये में गद्दी का हस्तांतरण होने की बातें कही जा रही है।
इस संबंध में कोतवाल केएस नेगी का कहना है कि कोतवाली में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। डीएम अनुराधा पाल कहतीं हैं कि कुछ दिन पूर्व किन्नरों ने गुरु गद्दी की जमीन का मामला उनके सामने उठाया था। एसडीएम और तहसीलदार से जांच कराई गई थी।जमीन का कोई विवाद सामने नहीं आया। संज्ञान में आया था कि गद्दी हस्तांतरण की प्रक्रिया अवश्य हुई है। कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है। इस प्रकार का कोई मामला उनके सामने नहीं आया है। चर्चा है कि बागेश्वर स्थित गुरु गद्दी देहरादून निवासी किन्नर को सौंपी गई है। वायरल वीडियो में लेनदेन में ढाई करोड़ का जिक्र होने से मामला खासी चर्चाओं में है।