बागेश्वर। राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में जिम कार्बेट इंटरनेशनल स्कूल के छात्र उत्कर्ष धपोला ने पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने सतत विकास के लिए बुनियादी विज्ञान चुनौतियां और संभावनाएं विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कर्ष तीन नवंबर को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र कोलकाता में होने वाली राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में प्रदेश की ओर से भागीदारी करेंगे।
जिला विज्ञान समन्वयक और राइंका के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने बताया कि राज्य विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन 23 सितंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लोहाघाट में हुआ था। संगोष्ठी में प्रदेशभर के 26 बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि उत्कर्ष की सफलता में उसकी कड़ी मेहनत, मार्गदर्शक शिक्षक गोविंद बल्लभ जोशी, सीईओ गजेंद्र सौन और डायट के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र धपोला का अहम योगदान रहा। उत्कर्ष ने अपने प्रस्तुतीकरण में पंचेश्वर बांध से संबंधित पर्यावरणीय मुद्दे के अलाव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण से जुड़े प्रसंगों को उठाया। डीएम रीना जोशी, सीईओ गजेंद्र सौन आदि ने भी बधाई दी है। संवाद