बागेश्वर जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने को लगी लोगों की भीड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला अस्पताल में बुधवार को 15 दिन बाद अल्ट्रासाउंड हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कुमार अमित ने लोगों के अल्ट्रासाउंड किए। जिला अस्पताल की रेडियोलॉजिस्ट फिलहाल अवकाश पर हैं। उनके आने तक सप्ताह में दो दिन बुधवार और बृहस्पतिवार को सीएचसी बैजनाथ के रेडियोलॉजिस्ट जिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड करेंगे। बता दें कि जिला चिकित्सालय की रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने से पिछले 15 दिनों से अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे थे। इस बीच लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए अल्मोड़ा और हल्द्वानी जाना पड़ रहा था। वहीं कई लोगों ने निजी क्लीनिकों में ज्यादा पैसा देकर अल्ट्रासाउंड कराया। गरीब तबके के लोगों को अल्ट्रासाउंड नहीं होने से परेशानी झेलनी पड़ी। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की वैकल्पिक व्यवस्था होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। बुधवार को 46 लोगों के अल्ट्रासाउंड किए गए। इसमें 40 गर्भवती महिलाएं थीं।