बागेश्वर। कोतवाली पुलिस ने ठेकेदार से मारपीट के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों पर ठेकेदार की लाइसेंसी पिस्टल लूटने का भी आरोप है। पुलिस पिस्टल बरामद नहीं कर पाई है।
30 अगस्त को कठायतबाड़ा निवासी ठेकेदार नवीन परिहार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में विनोद शाही और दो अन्य लोगों पर मारपीट कर घायल करने के साथ ही लाइसेंसी पिस्टल लूटने का आरोप लगाया था। घटना 29 अगस्त की बताई गई थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 323/324/394 में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में एक आरोपी की ओर से भी ठेकेदार और उसके साथियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसका काफी विरोध हुआ था।
बताया गया है कि मंगलवार को कोतवाली और एसओजी की टीम ने आरोपी विनोद शाही (34) निवासी गोलना (असों कपकोट) देवेंद्र रावत उर्फ रोहित रावत (21) निवासी कठायतबाड़ा ग्राम धारी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। तीसरे आरोपी खुशिया उर्फ कुशिया निवासी हरसीला (कपकोट) की तलाश जारी है। मामले की विवेचना निरीक्षक इंद्रजीत कर रहे हैं।
आरोपियों का है आपराधिक इतिहास
आरोपी विनोद शाही पर कोतवाली बागेश्वर में 13 जी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। आरोपी देवेंद्र रावत उर्फ रोहित रावत के खिलाफ थाना बैजनाथ में धारा 323/147/148/149/427/506, धारा 13 जी अधिनियम में कार्रवाई हुई है। संवाद