बागेश्वर के जारती गांव में भूपेंद्र सिंह मेहता के खेतों में पैदा हुई हल्दी। संवाद
बागेश्वर। बागेश्वर के जारती गांव का एक परिवार पिछले नौ साल से हल्दी की खेती कर अच्छी कमाई कर रहा है। जारती के भूपेंद्र सिंह मेहता ने 2018 से हल्दी की खेती शुरू की। उन्होंने परिवार जनों के सहयोग से 30 नाली जमीन में हल्दी उगाई। इस काम में उनके भतीजे जितेंद्र मेहता ने सहयोग किया। पहले ही साल करीब दो लाख रुपये की आमदनी हुई। इसके बाद इस परिवार ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। यह परिवार हर साल हल्दी की खेती से अच्छी-खासी कमाई कर रहा है। भूपेंद्र मेहता का कहना है कि सरकार और विभाग विपणन की सुविधा उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। वह निजी प्रयासों से स्थानीय बाजारों के साथ ही हल्द्वानी में हल्दी बेच रहे हैं।
इस बार मेहता के खेतों में 15 क्विंटल हल्दी की पैदावार हुई है। बताते हैं कि वर्तमान में कच्ची हल्दी 3000 रुपये और सूखी हल्दी 11000 रुपया क्विंटल बिक रही है। इस उद्यमी परिवार का कहना है कि उद्यान विभाग से प्राप्त बीज सुवर्णा और पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय की प्रजाति पंत पीताभ का उत्पादन बहुत अच्छा हो रहा है। यह परिवार और लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना है।