बागेश्वर में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के ट्रायल पर खिलाड़ियों के साथ मौजूद जिपं अध्य
बागेश्वर। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए खेल विभाग ने खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत विभिन्न खेलों के 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित 200 खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
बुधवार को इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने कहा कि खेलकूद से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेलकूद अनुशासित रहना भी सिखाते हैं। विधायक पार्वती दास ने खिलाड़ियों से बिना तनाव लिए पूरी क्षमता के साथ ट्रायल देने को कहा। डीएम अनुराधा पाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में खेलों का अहम योगदान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने की।
प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी गुंजन बाला ने बताया कि योजना के तहत 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। जिनमें 14 से 17, 17 से 19, 19 से 21 और 21 से 23 वर्ष की आयु तक प्रत्येक श्रेणी में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, फुटबाल, बॉस्केटबाल, हॉकी, टेबल टेनिस और कब्बडी के प्रतिभावान 25-25 बालक और बालिका खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा। संचालन कुंदन कोरंगा ने किया। इस दौरान युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी, प्रेम सिंह हरडिया, डॉ. हरीश दफौटी, किरन परिहार, अंजू दिगारी, हरीश कोरंगा आदि मौजूद रहे।