बागेश्वर। जिले में तेजी से बढ़ता तापमान लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। मौसमी बीमारियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अस्पतालों में जांच कराने के लिए मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में इलाज के लिए इतने लोग आए कि अस्पताल के पर्ची काउंटर से सड़क तक लंबी कतार लग गई। ओपीडी बंद होने तक 593 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
इस वर्ष बारिश और बर्फबारी नहीं होने से सर्दियों का सीजन समय से पहले खत्म होने लगा है। सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ रही है जबकि दोपहर की तेज धूप गर्मी के दिनों का अहसास कराने लगी है। मौसम के इस बदलाव से सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, दस्त, पीलिया आदि बीमारियां बढ़ गई हैं।
जिला अस्पताल में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक मरीज जांच कराने के लिए पहुुंच रहे हैं। सामान्य दिनों में जहां औसतन चार से साढ़े चार सौ के बीच ओपीडी होती थी वहीं अब ओपीडी 500 से अधिक की ही चल रही है। अधिक भीड़ के कारण मरीजों को जांच कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसा ही कुछ हाल सोमवार को देखने को मिला जहां ओपीडी में 593 मरीज जांच के लिए पहुंचे।
पेट दर्द से परेशान हूं। सुबह ही 40 किमी का सफर तय कर जिला अस्पताल आ गया था लेकिन यहां पर्ची काउंटर पर काफी भीड़ थी। किसी तरह से पर्चा बनाया फिर जांच कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। - विष्णु सिंह, मरीज, निवासी रीमा।
सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत है। 25 किमी दूर से इलाज कराने के लिए अस्पताल आया हूं। मरीजों की काफी भीड़ होने से परेशानी उठानी पड़ी। - रजत कुमार, निवासी भटखोला।
20 किमी दूर से जांच कराने आई हूं। अस्पताल में पैर रखने के लिए जगह नहीं है। आंख से भी कम दिखता है। भीड़भाड़ में अधिक परेशानी हो रही है। - चंपा देवी, निवासी चौगांवछीना।
तीन-चार दिन से बुखार आया है। 50 किमी दूर से जांच कराने के लिए आई हूं। यहां आते ही पर्ची बनवाने के लिए एक घंटे का इंतजार करना पड़ा। अस्पताल आने के तीन घंटे बाद जांच कराने का नंबर आया। - हरुली देवी, निवासी मैगड़ीस्टेट।
बदलते मौसम में बीमारियां भी बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में पहले से अधिक मरीज जांच कराने आ रहे हैं। मरीजों का इलाज करने के साथ ही उन्हें ताजा भोजन करने, पानी उबालकर पीने, बाहर के खानपान से बचने और संतुलित आहार लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है। - डॉ. राजीव उपाध्याय, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल बागेश्वर।