कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट के नव निर्मित गोल्ज्यू मंदिर में सोमवार को मूर्ति स्थापना की गई। सुबह महिलाओं ने मंदिर से सरयू नदी तक भव्य कलश यात्रा निकाली। पारंपरिक परिधान में महिलाएं सरयू नदी से कलश में जल लेकर मंदिर तक लाईं। मंदिर में पंडितों ने विधिविधान से मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापना की। पूजा के बाद मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, हरीश कपकोटी, महिमन सिंह, देव डांगर शेर सिंह कपकोटी, गणेश उपाध्याय, श्याम सिंह, अनीता देवी ,मंगला देवी, कलावती देवी आदि मौजूद रहीं। वहीं सरयू घाटी के चिल्ठा मंदिर सूपी, कनलगढ़ घाटी के अलखनाथ मंदिर और छुरिया के गोल्ज्यू मंदिर में भी नवरात्र पर पूजा का आयोजन किया जा रहा है। मां भगवती मंदिर कपकोट, बदियाकोट समेत अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।