बागेश्वर। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आठ अप्रैल से सेकेंड एडिशन ऑफ द अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज का आयोजन किया जाएगा। साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित इस रैली में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर के करीब 100 प्रतिभागी भाग लेंगे। यह रैली प्रदेश के आठ जिलों से होकर 628 किमी का सफर तय करेगी। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिला साहसिक खेल अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत आठ अप्रैल को नैनीताल से होगी। नौ अप्रैल को नैनीताल से भवाली, खुटानी, पदमपुरी, धारी, धानाचूली, भटेलिया होते हुए 85 किमी की रेस पूरी कर माउंटेन टैरेन बाइकर्स का दल अल्मोड़ा में विश्राम करेगा। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को कोसी, सोमेश्वर, कौसानी, गरुड़, बैजनाथ होते हुए 128 किमी की रेस पूरी कर प्रतिभागियों का दल ग्वालदम में रात्रि विश्राम करेगा।
11 अप्रैल को दल थराली, नंदकेशरी, नारायणबगड़, सिमली, कर्णप्रयाग, खाल, पोखरी, मोहनखाल, दुर्गाधार होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचेगा। यह रेस छह दिनों में नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून के आठ जिलों में कुल 628 किमी सफर तय करेगी। रैली का समापन 16 अप्रैल को देहरादून में होगा। विभिन्न स्कूलों, विभागों के 40 स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को इस कार्यक्रम की सफलता के लिए तैनात किया जाएगा। आयोजन के लिए 15 डायवर्जन, चार न्यूट्रीशन फीडिंग प्वाइंट, चार हेल्थ प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर दो स्वयंसेवकों सहित स्वास्थ्य कर्मी भी तैनात रहेंगे।