बागेश्वर। प्रदेश सरकार के एक साल पूरे होने पर नुमाइशखेत मैदान में एक साल नई मिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बहुउद्देश्यीय और चिकित्सा शिविर के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम का शुुुभारंभ मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष बसंती देव, विशिष्ट अतिथि विधायक सुरेश गढि़या, डीएम अनुराधा पाल, ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी और हेमा बिष्ट ने दीप जलाकर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। सीएम पुष्कर धामी ने वर्चुअल संबोधन के माध्यम से एक साल की उपलब्धियां बताते हुए उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की बात कही।
मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष बसंती देव ने कहा कि पिछले एक साल में नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सड़क, पेयजल समस्याओं के निदान को काम हुआ है। कृषि, बागवानी, पशुपालन, मछली पालन से किसानों को स्वरोजगार उपलब्ध कराया गया और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम पहल की गई है। विधायक गढि़या ने कहा कि सरकार ने एक साल में ऐतिहासिक कार्य किया है। जल जीवन मिशन, बेमौसमी सब्जी उत्पादन, मिलेट उत्पादन, मानस खंड के तहत प्रदेश के धार्मिक स्थलों के विकास, स्वरोजगार के क्षेत्र में सरकार उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
डीएम पाल ने जिले में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, एसपी हिमांशु वर्मा, एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, सीडीओ संजय सिंह, डीडीओ संगीता आर्या, एसडीएम हरगिरि, मोनिका, सीएमओ डॉ. डीपी जोशी, सीईओ जीएस सौन समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
वीरांगनाओं का सम्मान, पुस्तिका का विमोचन
बागेश्वर। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना नंदी वर्मा और भगवती देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित पुस्तिका एक साल नई मिसाल का विमोचन भी किया गया। अतिथियों ने नुमाइशखेत मैदान में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
योजनाओं के चेक बांटे
बागेश्वर। एक साल नई मिसाल कार्यक्रम में पशुपाल विभाग ने पांच लाभार्थियाें को बॉयलर फार्म की स्थापना, बाल विकास ने नौ लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, उद्योग विभाग ने हथकरघा हस्तशिल्प और लघु उद्योग में तीन-तीन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन ने आठ, उद्यान विभाग ने दो प्रगतिशील किसानों, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के तीन, पर्यटन विभाग ने होम स्टे योजना के चार और समाज कल्याण विभाग ने अटल आवास, पुत्री शादी योजना के दो-दो लाभार्थियों को ोक वितरित किए। जिले के 12 राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
लोगों ने दर्ज कराई शिकायत, स्वास्थ्य जांच भी कराई
बागेश्वर। बहुउद्देश्यीय शिविर में 38 लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, मुआवजा आदि की शिकायत दर्ज कराई। स्वास्थ्य विभाग ने 71, आयुर्वेदिक विभाग ने 60 और होम्योपैथिक विभाग ने 60 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां बांटी। अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और आवेदन पत्र भरवाए।