बागेश्वर के बागनाथ मंदिर में माघी खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागनाथ मंदिर में शनिवार को माघी खिचड़ी का आयोजन किया गया। नगर और ग्रामीण क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। माघी खिचड़ी का भंडारा पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल जोशी और उनके भाई दीपक जोशी की ओर से कराया गया था। उन्होंने मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भगवान शिव को खिचड़ी का भोग लगाया गया। दोपहर बाद मंदिर में भंडारा कराया गया। सैकड़ों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। बागनाथ मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल ने कहा कि भक्तजन मनोकामनाओं की पूर्ति के बाद या मनवांछित आशीर्वाद की प्राप्ति के लिए खिचड़ी का आयोजन कराते हैं। माघ के पूरे महीने मंदिर में भंडारा चलता रहता है। इधर पंडित प्रकाश कांडपाल ने बताया कि माघ और श्रावण के महीने में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व होता है। माघ में खिचड़ी का भंडारा कराने से भक्तों की सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।