राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतबे के शिक्षकों के खिलाफ अनुशासन की कार्रवाई को विद्यालय प्रबंध समिति और क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने वापस लेने की मांग की है। सीईओ को भेजे पत्र में ग्राम पंचायत सात की प्रधान कमला देवी सहित विद्यालय प्रबंध समिति और गुनाकोट के प्रधान ने कहा है कि डीईओ ने गत दिवस विद्यालय का निरीक्षण किया। वाहन खराब हो जाने के कारण विद्यालय के शिक्षक 9 बजकर 45 मिनट पर पहुंचे। उन्होंने प्रबंध समिति को इसकी सूचना दे दी थी। शिक्षकों की दिक्कतों को समझे बगैर डीईओ ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जबकि विद्यालय में आज तक निर्धारित समय पर शिक्षक आते रहे हैं। विद्यालय की व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। प्रबंध समिति के अध्यक्ष और प्रधानों ने शिक्षकों का पक्ष भी सुनने और कार्रवाई वापस लेने की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर आंदोलन करने की धमकी दी है।