बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला के विद्यार्थी पिछले साल की तरह इस बार भी रक्षा बंधन पर सेना के जवानों को स्वनिर्मित राखी भेजेंगे। विद्यार्थियों ने राखी बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस साल 500 राखी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 250 राखी एसएसबी और 250 केआरसी के जवानों को भेजी जाएंगी।
विद्यालय की कला शिक्षिका राजेश्वरी कार्की के मागदर्शन में कक्षा नौ और दस के विद्यार्थी राखी बना रहे हैं। कला शिक्षिका कार्की ने बताया कि राखी बनाने में रक्षा तागा, कलर पेपर, मोती, रंग और चमकीले कागज का प्रयोग किया जा रहा है। कई रंगों की इन राखियों के निर्माण में बेहद कम खर्च हो रहा है। मात्र दो 2.30 रुपये में एक राखी बन रही है। राखियों का निर्माण होने के बाद इन्हें सैनिकों के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की बनाई राखियां आकर्षक होने के साथ कम खर्च में तैयार हो रही हैैं। छात्र-छात्राओं ने अपने उपयोग के लिए भी स्वयं राखी बनाने का निर्णय लिया है। प्रधानाचार्य दीपक आर्या ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से अपने लिए भी राखी स्वयं बनाने की अपील की।