बागेश्वर में पॉलिथीन उन्मूलन को लेकर अधिकारियों की बैठक लेतीं डीएम रीना जोशी। संवाद न्यूज एजें?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डीएम रीना जोशी ने कहा है कि बागेश्वर जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। डीएम ने एसपी अमित श्रीवास्तव को जिले की सीमाओं पर सघन अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक की धरपकड़ के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तरीय प्लास्टिक उन्मूलन टास्क फोर्स की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि पॉलीथिन उन्मूलन के लिए व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन टैक्सी यूनियन, मंदिर समितियों, खोखा-फड़ समितियों, स्वयंसेवियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ जल्द ही बागेश्वर, कपकोट और कौसानी में बैठकें की जाएंगी।
सभी एसडीएम और नगरपालिका, नगर पंचायत के ईओ को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंधित करने के लिए गोदामों, दुकानों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ हिमांशु बागरी, एडीएम सीएस इमलाल, प्रभारी सीडीओ संजय सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश सोनी आदि थे।
धूमधाम से मनाया जाएगा शौर्य दिवस
बागेश्वर। डीएम रीना जोशी ने कहा है कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) धूमधाम से मनाया जाएगा। डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि शौर्य दिवस के दिन सुबह क्रॉसकंट्री होगी। शहीद स्मारक में शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। तहसील परिसर में पौधरोपण होगा। उन्होंने स्कूलों में महापुरुषों की जीवनी से संबंधित वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश सीईओ जीएस सौन को दिए। कार्यक्रम में कारगिल शहीदों के परिजनों, सेवानिवृत्त सैनिकों को आमंत्रित करने के निर्देश जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी रणजीत सेठ को दिए। संवाद