बागेश्वर। जिला मुख्यालय के चंडिका वार्ड निवासी कुंदन लाल का घर पर रहो-सुरक्षित रहो का संदेश उनकी पहचान बन गया है। वह लॉकडाउन के बाद से लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं।
60 वर्षीय कुंदन लाल सुबह जिला मुख्यालय के बाजार में पहुंच जाते हैं। अपनी रौबीली आवाज में लोगों को घर पर रहो-सुरक्षित रहो का संदेश देते हैं। वह लोगों को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं। कुंदन लाल दिनभर नगर की सड़कों में लोगों को जागरूक करते दिख जाते हैं। वह गली-गली घूमकर लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति सतर्क रहने के लिए आगाह करते हैं। जागरूकता कार्यक्रम कुंदन लाल के लिए नया नहीं है। कभी टेलरिंग का कार्य करने वाले कुंदन लाल इससे पहले लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक करते रहे हैं। जिला मुख्यालय के नुमाइसखेत मैदान में जब भी क्रिकेट, फुटबॉल प्रतियोगिता होती है। ब्रेक के समय वह मैदान से कंकड़, पत्थर उठाते दिख जाते हैं। कुंदन लाल के निस्वार्थ भाव से चलाए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों की लोग तारीफ करते नहीं अघाते।