बागेश्वर। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत नुमाइशखेत मैदान में 23 और 28 जनवरी को दिव्यांगों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी जसमीत कौर ने बताया कि शिविरों में सामान्य दिव्यांगाें के साथ-साथ मानसिक एवं ईएनटी (नाक, कान, गला) से संबंधित दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है। बताया कि 23 जनवरी के शिविर में ईएनटी, हड्डी और नेत्र रोग से संबंधित दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे। 28 जनवरी के शिविर में मानसिक दिव्यांगता, हड्डी रोग और नेत्र रोग से संबंधित प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।