जिला अस्पताल में रक्तदान करते संजय तिवारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। कोरोना संक्रमण के दौर में हर कोई अपने स्तर से एक दूसरे की मदद में तत्पर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे ही सात युवाओं ने महादान कर मिसाल कायम की है। उन्होंने जिला अस्पताल के रक्तकोष में 7 यूनिट रक्तदान कर नेक काम किया। जिला अस्पताल के रक्तकोष में खून की कमी को देखते हुए रक्तकोष प्रभारी डॉ. योगेश धर्मशक्तू ने जिला रेडक्रास सोसायटी से संपर्क साधा। रेडक्रास सोसायटी की पहल पर पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल के प्रयासों से कांस्टेबल सुरेश गुसाईं ने जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। कुर्मांचल बैंक में कार्यरत हिमांशु शाह और शिवांगी शाह ने भी अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। दीपक सिंह रावत, मुकुल भाकुनी, सूरज भाकुनी, संजय तिवारी भी सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पहुंचे और रक्तदान किया। इन युवाओं की तत्परता और दूसरों की मदद करने की ललक से जिला अस्पताल के रक्तकोष में विभिन्न ग्रुप का 7 युनिट रक्त जमा हुआ, जो जरूरतमंद मरीज के काम आएगा। जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय, वायस चेयरमैन संजय साह जगाती, सदस्य जगदीश चंद्र उपाध्याय ने इन युवाओं की सराहना की है।