बागेश्वर के कोविड अस्पताल से घर जाते कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। बागेश्वर के कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती सात कोरोना संक्रमितों ने कोरोना को मात दे दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन लोगों को गुलदस्ता भेंटकर घरों को रवाना किया। जिले में 33 में से 17 संक्रमितअब तक ठीक हो गए हैं। 16 कोरोना संक्रमितों का बागेश्वर के कोविड अस्पताल और एसटीएच हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। जिला मुख्यालय के ट्रामा सेंटर में बनाए गए कोविड-19 अस्पताल में इलाज के बाद स्वस्थ हुए सात लोगों को सोमवार को कोविड-19 अस्पताल से घरों के लिए रवाना किया गया। यह सभी जिले के निवासी हैं। इनमें से करीब दो सप्ताह पहले एक गुरुग्राम और छह लोग महाराष्ट्र से लौटे थे। जिला अस्पताल के सीएमएस सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हुए सातों लोगों को 7 दिन तक होम क्वारंटीन में रहना होगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधित दिक्कत पर स्वास्थ्य विभाग के संपर्क करना होगा। जिला अस्पताल के डॉ. सयैद अहमद अब्बास ने कहा कि लोग काेराेना को लेकर भयभीत न हाें और ईमानदारी से सरकार की गाइड लाइन का पालन करें। इसी से कोरोना को हराने में मदद मिलेगी।