बागेश्वर में असहायों की मदद के लिए गुल्लक से पैसे निकालकर गिनती नन्ही बालिका। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। कोरोना संक्रमण के इस काल में तमाम लोग जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए हैं। असहाय लोगों की पीड़ा को देखकर बच्चों का दिल भी पसीज रहा है। बागेश्वर के दो भाई-बहनों ने अपना गुल्लक तोड़कर जमा पूंजी जरूरतमंदों के राशन के लिए दे दी। बागेश्वर की एक नन्हीं बच्ची ओजश्विनी पांडेय और उसके भाई कृष्णा पांडेय ने अपने गुल्लक में जमा 1500 रुपये जरूरतमंद लोगों के राशन के लिए जिला रेडक्रास सोसायटी को दी है। बच्चों ने अपने पिता जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय से प्रभावित होकर गुल्लक में जमा पूंजी असहाय लोगों के भोजन के लिए दी। बता दें कि जिला रेडक्रास सोसायटी जिले में असहाय लोगों को राशन उपलब्ध कराने में सतत लगी हुई है। संस्था के सचिव अपने वाहन से लोगों तक मदद पहुंचा रहे हैं। वह सुबह ही इस कार्य के लिए घर से निकल जाते हैं। इसी से बच्चों को प्रेरणा मिली। तमाम लोग सोसायटी को इस काम में मदद कर रहे हैं, अपना आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। संवाद