कपकोट/बागेश्वर। नगर पंचायत के भराड़ी में खड़े वाहन से स्कूटी जा टकराई। हादसे स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई है। एक युवक घायल हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम दिनेश कुमार (20) पुत्र हरीश राम निवासी ओलिंग (रैंथल) और लक्ष्मण सिंह (38) पुत्र स्वर्गीय केदार सिंह निवासी उपरोक्त स्कूटी से भराड़ी बाजार की तरफ आ रहे थे। स्कूटी दिनेश कुमार चल रहा था। शामा टैक्सी स्टैंड के समीप स्कूटी खड़े वाहन से टकराकर सड़क पर रपट गई। हादसे में वाहन चला रहे दिनेश के सिर पर गंभीर चोट लग गई। पिछली सीट पर बैठा लक्ष्मण घायल हो गया। दोनों को स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले गए। चिकित्सक डॉ. पीयूष ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश को सीटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लक्ष्मण को हल्की चोट थी, उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दिनेश कुमार ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना पाकर गांव से परिजन और गांव के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।