एथलीट उमेश गढ़िया। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। कपकोट विकास खंड के दूणी गांव के धावक ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव के उमेश गड़िया ने एथलेटिक्स में अपना दमखम दिखाकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आठवां स्थान प्राप्त किया है। गरीब घर से ताल्लुक रखने वाले उमेश ने अपनी मेहनत के बलबूते यह मुकाम हासिल किया। उमेश ने उ उत्तराखंड एथलीट एसोसिएशन के अंतर्गत अंडर 18 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। इसी के बलबूते दिल्ली में राष्ट्रीय एथलीट एसोसिएशन के अंतर्गत छह से दस फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। यहां भी उसने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए आठवां स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उसने 1500 मीटर में तीसरा और 3000 में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। उसकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है।