राहत-बागेश्वर की बसकूना सड़क से गुजरता वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। 29 जून की अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त असों-बसकूना सड़क पर 18 दिन बाद शनिवार को यातायात बहाल हो गया है। सौंग-खलीधार सड़क पर अब भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है। रिखाड़ी और ग्वाड़ में बिजली आपूर्ति अब भी बाधित है।
अतिवृष्टि से असों से बसकूना जाने वाली सड़क करीब दो किमी के हिस्से में पूरी तरह नष्ट हो गई थी। सड़क की मरम्मत का काम धीमी गति से होने के कारण सड़क खुलने में देरी हो रही थी।
डीएम रीना जोशी ने 13 जुलाई को बसकूना क्षेत्र का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को सड़क को चौपहिया वाहनों के लिए खोलने के निर्देश दिए थे। डीएम के भ्रमण के बाद सड़क की मरम्मत में तेजी आई। शुक्रवार की देर रात बसकूना सड़क खुल गई है लेकिन लटके बोल्डर और कीचड़ से सनी सड़क पर वाहन संचालन जोखिमपूर्ण बना हुआ है। वहीं, रिखाड़ी क्षेत्र में शनिवार को भी बिजली बहाल नहीं हुई है।
बागेश्वर हो रही बिजली कटौती
बागेश्वर। नगर में बिजली कटौती रुकने का नाम नहीं ले रही है। सुबह से देर रात तक अघोषित बिजली कटौती से जिला मुख्यालय के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोग परेशान हो गए हैं। शुक्रवार की रात नौ बजे से देर रात दो बजे जिला मुख्यालय में बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक बिजली गुल रही। उसके बाद भी बिजली गुल होने का सिलसिला जारी रहा।