बागेश्वर की थुनाई-मिहिनियां सड़क। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। थुनाई-मिहिनियां सड़क पर दो महीने से अधिक समय से यातायात ठप है। द्वारिकाछीना की पहाड़ी से गिरने वाला मलबा जमा होने से सड़क बंद है। बारिश के दौरान भी लगातार सड़क पर मलबा गिरने से आवाजाही बाधित रही थी। कुछ समय के लिए सड़क खुली लेकिन फिर मलबा गिरने के कारण यातायात ठप हो गया। क्षेत्रवासियों ने जल्द सड़क खुलवाने की मांग की है।
बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग के थुनाई से मिहिनियां, भटोली के लिए सड़क का निर्माण किया गया है। सड़क की शुरुआत के करीब 300 मीटर बाद ही द्वारिकाछीना की पहाड़ी है, यहां से लगातार भूस्खलन हो रहा है। वहीं, पहाड़ी दकरने से गिरेछीना मोटर मार्ग पर गिरने वाला मलबा भी सीधा मिहिनियां सड़क पर जाकर गिरता है।
सड़क लगातार मलबे से पटती जा रही है। करीब दो महीने पहले स्कूटी के मलबे में फंसने से एक व्यापारी की इस सड़क पर मौत हो गई थी। जिसके बाद से सड़क पर आवाजाही पूरी तरह से बंद है। वहीं विभाग की ओर से भी सड़क पर न जाने की चेतावनी वाले बोर्ड लगाए गए हैं। हालांकि अब मानसून लगभग बीत चुका है, ऐसे में क्षेत्रवासियों ने भी सड़क खोलने की मांग तेज कर दी है।
इधर, लोनिवि के ईई राजकुमार ने कहा कि इन दिनों गिरेछीना मोटर मार्ग पर द्वारिकाछीना की पहाड़ी से आया मलबा हटाने का काम चल रहा है। जिसके पूरा होते ही थुनाई-मिहिनियां सड़क पर पड़ा मलबा हटाकर यातायात सुचारु करा दिया जाएगा।