बागेश्वर। बढ़ता तापमान बीमारियों में इजाफा कर रहा है। जिला अस्पताल में दैनिक ओपीडी 500 के पार पहुंच रही है। वायरल फीवर, पेट की परेशानी के साथ-साथ बढ़ता कोरोना संक्रमण भी चिंता का कारण बन रहा है।
जिले का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान बढ़ने के साथ ही बीमारियां बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त, पीलिया के मरीज बढ़ रहे हैं। सोमवार के दिन भी सुबह अस्पताल खुलते ही पर्ची कटवाने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग गई थी। डॉक्टरों के केबिन के बाहर भी जांच कराने वालों नेे लंबी लाइन लगाकर बारी का इंतजार किया। दवा काउंटर के आगे भी काफी भीड़भाड़ रही। दूरदराज से आने वाले मरीजों को भीड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, सीएमएस डॉ. वीके टम्टा ने बताया कि मौसम में हो रहा परिवर्तन बीमारियों का कारण बन रहा है। मरीजों का इलाज करने के साथ ही लोगों को खानपान और रहन-सहन में संतुलन बनाकर रखने और कोविड के खतरे को देखते हुए नियमित मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की जा रही है।