बागेश्वर। प्रशासन ने राज्य के बाहरी क्षेत्र से लौटे 43 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। बागेश्वर पहुंचने पर इन सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
नायब तहसीलदार बीएस मटियानी ने बताया कि शनिवार को हल्द्वानी, रानीखेत, रुद्रपुर हरिद्वार से 40 लोग बागेश्वर पहुंचे थे। शुक्रवार को भी तीन लोग बाहरी क्षेत्र से जिला मुख्यालय लौटे थे। इन लोगों की जिला अस्पताल में स्वास्थ्य जांच की गई। सभी स्वस्थ पाए गए। इन सभी को 14 दिन के होम क्वारंटीन में भेज दिया गया है। इन पर लगातार नजर रखी जाएगी। बागेश्वर के केएमवीएन स्थित संस्थागत क्वारंटीन से शनिवार को दो लोगों को 14 दिन की अवधि पूरी होने पर घर भेज दिया गया। अब संस्थागत क्वारंटीन में 20 लोग रह गए हैं। संस्थागत क्वारंटीन के सह प्रभारी डॉ. एजल पटेल ने बताया कि क्वारंटीन में रखे गए पांच अन्य लोगों ने भी 14 दिन की अवधि पूरी कर ली है। इन लोगों की रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी गई है। प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद यह लोग भी घर भेज दिए जाएंगे।