बागेश्वर के नुमाइशखेत में प्रदर्शन करते जल संस्थान के अंशकालिक श्रमिक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जल संस्थान के अंशकालिक श्रमिकों ने पिछले साल सितंबर से बढ़े हुए मानदेय का भुगतान करने सहित अन्य मांगों को लेकर नुमाइशखेत में प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने 15 दिन के भीतर समस्याओं का निदान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
जल संस्थान के अंशकालिक मजदूर संघ के सदस्यों ने सुरेश चंद्र लोबियाल की अध्यक्षता में विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। श्रमिकों का कहना था कि पिछले वर्ष सितंबर में अंशकालिक मजदूरों के वेतन में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई थी लेकिन अब तक उसका भुगतान नहीं किया गया है। श्रमिकों ने वेतन का भुगतान हर महीने नियत समय पर करने, श्रमिकों का पंजीकरण जल्द नवीनीकरण कराने और श्रमिकों को नियमित कर न्यूनतम वेतन का भुगतान करने, अंशकालिक श्रमिकों का पांच लाख रुपये का बीमा कराने की मांग की। वहां पर नीरज सिंह, पनी राम, मंगल सिंह, चंद्रशेखर, नारायणी देवी आदि मौजूद रहे।