बागेश्वर। जिले की कांडा-विजयपुर बिजली लाइन में पेड़ गिरने से 190 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत कर छह घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी है। यूपीसीएल के ईई भाष्कर पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे कांडा-विजयपुर की 33 केवी लाइन पर छतीना के पास एक व्यक्ति ने पेड़ काटकर गिरा दिया। इससे विजयपुर, धरमघर, महरुड़ी, सेरी, भंतोला, पातल, रावतसेरा, सानीउडियार, ठांगा, खातीगांव, भैंसूड़ी, टकनार, गोखुरी, सिमगढ़ी, घिंघारुतोला, कमेड़ी देवी, कांडा, रीमा, स्यांकोट, मोहाली, पचार, बास्ती, सनगाड़, बीसा, उडियार, जारती, बनलेख आदि गांवों की बिजली गुल हो गई। गनीमत रही कि पेड़ काटने वाला व्यक्ति करंट की चपेट में आने से बच गया। बताया कि कर्मचारियों को पेड़ हटाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। शाम करीब छह बजे सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।