गरुड़ का रोहित परिहार स्व निर्मित पर्श के साथ
गरुड़ (बागेश्वर)। पदम सिंह परिहार राइंका वज्यूला के 12 वीं के छात्र रोहित परिहार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्मार्ट पर्स तैयार किया है। इस डिवाइस पर्स को इंंटरनेशनल वचुर्अल इनोवेशन प्रतियोगिता में देश भर में पहला स्थान मिला।
राइंका के 12 वीं के छात्र रोहित ने कुछ माह पूर्व ऐसी डिवाइस का निर्माण किया है जो महिलाओं की सुरक्षा प्रदान करने के लिए अति उपयोगी है। महिलाओं के साथ आये दिन हो रही छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए मददगार साबित होगा। रोहित ने बताया कि पर्स के अंदर स्पाई कैमरा, इमरजेंसी ऑटोमेटिक कॉलिंग, जीपीएस नेवीगेशन आदि फीचर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि जब कोई महिला घर से बाहर अकेले जाएगी तो वह अपनी सुरक्षा के लिए इस पर्स को साथ लेकर जा सकती है। वह जब स्वयं को असुरक्षित महसूस करेगी तो वह पर्स पर लगे बटन को दबा सकती है। बटन दबाते ही नजदीक के थाने और परिजनों को ऑटोमेटिक काल चली जाएगी। रोहित के इस नवाचार को कुछ माह पूर्व इंटरनेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक मिला है। रोहित के आविष्कार पर राइंका वज्यूला के प्रधानाचार्य दीपक आर्या, आलोक पांडे, ममता रानी, त्रिलोक बुटोला, जितेंद्र मेहता, कैलाश परिहार, लक्ष्मण राम आर्या और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की है।