बागेश्वर में पीएम स्वनिधि योजना की बैठक लेते डीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। विकास भवन में शुक्रवार को फड़/पथ विक्रेताओं से संबंधित कार्यशाला हुई। इसमें डीएम विनीत कुमार ने पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना का लाभ सभी पात्र पथ विक्रेताओं को देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र में फिर से सर्वे करा पथ व्यवसायियों का चिह्नीकरण के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभ देना है। डीएम ने कहा कि लॉकडाउन के कारण पथ विक्रेताओं के व्यापार पर बुरा असर पड़ा है। योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 10 हजार रुपये का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। इसमें केंद्र सरकार सात प्रतिशत और राज्य सरकार दो प्रतिशत ब्याज अनुदान देगी। इसमें पथ व्यवसायियों को कोई भी ब्याज नहीं देना पड़ेगा। उन्हें केवल ऋण की ही राशि मासिक किस्तों में देनी होगी। इस योजना में केवल 34 आवेदन मिले हैं। आठ आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। डीएम ने बताया कि योजना में डिजिटल लेनदेन की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत महीने में दो सौ का लेनदेन करने पर 100 रुपये कैसबैक मिलेगा। योजना का लाभ उन सभी पथ विक्रेताओं को मिलेगा, जिनको नगर निकाय से 24 मार्च से पहले विक्रय प्रमाण पत्र और पहचान पत्र जारी किए हैं। कैलाश प्रकाश चंदोला, आलोक पांडेय ने संचालन किया। कार्यशाला में सीडीओ डीडी पंत, एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार, ईओ नगरपालिका राजदेव जायसी, सभासद नीमा दफौटी, धीरेंद्र परिहार, मुन्नी मेहता, बबीता पांडे आदि थे।