बागेश्वर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। साथ ही एनीमिया को दूर करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया। शुक्रवार को सैंज में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के दौरान तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत फोकस ग्रुप डिस्कशन किया गया। शिविर के दौरान बच्चों और गर्भवतियों का रूटीन टीकाकरण किया गया। सीएचओ डिंपल मेहता और एएनएम सीमा बिष्ट ने तंबाकू के हानिकारक प्रभावों की जानकारी दी और लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। धैना आयुष्मान आरोग्य मंदिर की ओर से पाटली आंगनबाड़ी केंद्र में पल्स एनीमिया अभियान चलाया गया। इस दौरान गर्भवतियों, धात्रियों और बच्चों को एनीमिया के लक्षणों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। सीएचओ बिमला दोसाद और एएनएम गीता उपाध्याय ने हीमोग्लोबिन की सही मात्रा और खान-पान के मुख्य स्रोतों के बारे में जागरूक किया।