बारिश ने कपकोट के मल्ला दानपुर क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया है। कपकोट के कर्मी, बाछम, तोली सहित दूरस्थ के गांवों को जोड़ने वाली सड़कें बदहाल हैं। अधिकांश ग्रामीण मार्ग बंद पड़े हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण पैदल चलने लायक भी मार्ग भी नहीं बचे हैं। स्थानीय लोग जान हथेली पर रख आवाजाही कर रहे हैं। बुधवार को जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू ने इन क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने बताया कि सड़कों के बंद होने से ग्रामीणों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूपी गांव को जोड़ने वाली सड़क 15 दिन से बंद है। कपकोट-कर्मी सड़क में मलबा जमा है। इससे वाहन फंस रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़कों और पैदल मार्र्गों को आवाजाही के लायक बनाने की मांग की है।