बागेश्वर। रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से देवकी लघु वाटिका में गोष्ठी का आयोजन किया गया। सोसायटी के सदस्यों ने दीपावली के दौरान होने वाले पर्यावरण प्रदूषण पर चिंता जताई। लोगों को प्रदूषण मुक्त हरित दीपावली मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने हरित दीपावली मनाने की शपथ भी ली।
वृक्ष पुरुष और रेडक्रॉस के वरिष्ठ सदस्य किशन सिंह मलड़ा की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में स्वयंसेवियों ने दीपावली के बाद पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि लोगों को कम से कम आतिशबाजी जलानी चाहिए। दीपावली में मिट्टी के बने दीयों का प्रयोग करने की अपील की ताकि स्वरोजगार करने वालों को इसका लाभ मिल सके।
इससे पूर्व वृक्ष पुरुष मलड़ा के नेतृत्व में देवकी लघु वाटिका से लोगों को पौधे और मिट्टी के दीपक भेंट किए गए। कार्यक्रम के समापन पर सोसायटी सदस्यों ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सोसायटी के चेयरमैन संजय साह जगाती, वाइस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, जिला सचिव आलोक पांडेय, डॉ. केवलानंद कांडपाल, कन्हैया वर्मा, हिमांशु जोशी, कृष्णा पांडेय, ओजस्विनी पांडेय, देवकी देवी, रमा देवी, मनीषा मलड़ा, टीना मलड़ा, शेर सिंह, किशन राम, रमेश प्रकाश पर्वतीय आदि मौजूद रहे। संवाद