बागेश्वर में नगरपालिका अध्यक्ष को ज्ञापन देते भतरौला के लोग। संवाद
बागेश्वर। नगरपालिका क्षेत्र के ठाकुरद्वारा वार्ड के भतरौला में पेयजल संकट बना हुआ है। पिछले दो महीने से लोगों को पीने का पानी जुटाने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। वार्ड में जलस्रोत नहीं होने से दिक्कत अधिक है। जल संस्थान और डीएम को ज्ञापन देकर भी समस्या का निदान नहीं हुआ तो लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन देकर जल्द जल संकट दूर करने की मांग की है।
भतरौला में 70 से अधिक परिवारों को जल संस्थान जखेड़ा पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति करता है। गर्मी के दिन आते ही योजना के स्रोत में पानी कम हो जाता है। जिसके कारण भतरौला तक पानी नहीं चढ़ता है। पानी की सप्लाई ठप होने के कारण लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। समस्या को लेकर उपभोक्ता 13 मार्च को जल संस्थान के ईई से मिले। डीएम के जनता दरबार में भी मामला उठा, लेकिन समस्या जस की तस रही। मंगलवार को उपभोक्ताओं ने पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल को ज्ञापन देकर समस्या बताई और जल्द समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
इधर, पालिकाध्यक्ष खेतवाल ने बताया कि जल संस्थान के ईई से वार्ड तक नई पाइप लाइन बिछाने पर चर्चा हुई है। बजट की दिक्कत को देखते हुए जल संस्थान से पाइपों के खर्च का एस्टीमेट बनाकर देने को कहा गया है। एस्टीमेट मिलते ही बजट की व्यवस्था कर भतरौला के लोगों को पेयजल संकट से निजात दिलाई जाएगी।