बागेश्वर पहुंची दुग्ध एटीएम वैन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। दुग्ध संघ अल्मोड़ा ने बागेश्वर नगर के लिए दुग्ध एटीएम वैन की सुविधा दे दी है। मंगलवार को पहली बार दुग्ध एटीएम वैन बागेश्वर पहुंची। कुछ ही घंटे में सारा दूध और अन्य दुग्ध पदार्थ बिक गए। सोमवार को अल्मोड़ा दुग्ध संघ के अध्यक्ष महेंद्र बिष्ट ने दुग्ध एटीएम वैन को हरी झंडी दिखाई थी। वैन मंगलवार सुबह 4 बजे अल्मोड़ा से रवाना होकर सुबह साढ़े छह बजे बागेश्वर पहुंची। बागेश्वर के लोगों ने अच्छो रे अच्छो मेरो पहाड़ को आंचल दूध अच्छो-अच्छो गीत की धुन सुनी। देखते ही देखते लोग दुग्ध एटीएम से दूध खरीदने के लिए दौड़ पड़े। 500 लीटर क्षमता का दूध का टैंक सुबह 10 बजे से पहले समाप्त हो गया। वैन से दूध 47 रुपये किलो बेचा जा रहा है। ग्राहक 10, 20 रूपये का भी दूध खरीद सकते हैं। वैन में आंचल का मट्ठा, पनीर, दही भी उपलब्ध है। वैन रोज सुबह साढ़े छह बजे बागेश्वर पहुंचेगी।