बागेश्वर। जिले के छह रेडक्रॉस स्वयंसेवियों को कोरोना काल में मानवता की सेवा के लिए बेहतर कार्य करने पर राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने सम्मानित किया। बृहस्पतिवार को देहरादून राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवियों को प्रशस्तिपत्र और प्रतीक चिह्न दिए गए।
कोरोना काल में जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने जरूरतमंदों तक राशन, मास्क, दवाएं पहुंचाने, सेनिटाइजेशन और जागरूकता आदि कार्यों में प्रदेश में पहला स्थान पाया था। सोसायटी के जिला सचिव आलोक पांडेय के नेतृत्व में रेडक्रॉस ने मदर एनजीओ के तौर पर बेहतरीन कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में स्वयंसेवियों की टीम ने आपात काल में पूरे जिले के लोगों तक मदद पहुंचाई थी। मदर एनजीओ के तौर पर बेहतरीन संचालन और स्वयंसेवियों के कुशल मार्गदर्शन के लिए जिला सचिव को राज्यपाल सम्मान मिला।
सोसायटी के वाइस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, वरिष्ठ सदस्य बीएल वर्मा, सक्रिय सदस्य मोहिउद्दीन अहमद तिवाड़ी और प्रमोद जोशी को कोरोना वॉरियर्स सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत, प्रदेश रेडक्रास के चेयरमैन कुंदन टोलिया, जिला शाखा के चेयरमैन संजय साह जगाती, प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक, जिला कार्यकारिणी सदस्य उमेश जोशी आदि मौजूद रहे।