बागेश्वर। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफीसर्स एसोसिएशन के द्विवार्षिक अधिवेशन में मंडलीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। अल्मोड़ा के पुष्कर सिंह भैसोड़ा मंडलीय अध्यक्ष और ऊधमसिंह नगर के हरजीत सिंह मंडलीय सचिव चुने गए। विजेता पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य करने का संकल्प लिया।
शुक्रवार को चुनाव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कैलाश अंडोला, प्रांतीय प्रेक्षक सौरव चंद्र, भुवन जोशी, मंडलीय अध्यक्ष जगमोहन खाती आदि की देखरेख में कार्यकारिणी गठन के लिए मतदान किया गया। 1104 मतदाताओं ने वोट डाले। देर रात तक मतगणना जारी रही। आधी रात को चुनाव परिणाम घोषित किए गए। मंडल कार्यकारिणी के लिए अध्यक्ष पद पर अल्मोड़ा के पुष्कर भैसोड़ा को 666, ऊधमसिंह नगर के नीतेश शर्मा को 317, ऊधमसिंह नगर के रविंद्र पांडेय को 108 मत मिले और 13 मत निरस्त हुए। भैसोड़ा ने 349 वोट से जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष पद पर बागेश्वर के प्रमोद मेहता को 612, नैनीताल के कौशल गुणवंत को 451 वोट मिले और 40 मत निरस्त हुए। मेहता ने 161 मतों से जीत हासिल की। सचिव पद पर ऊधमसिंह नगर के हरजीत सिंह को 626, नैनीताल के कमल फुलारा को 453 मत मिले और 25 मत निरस्त हुए। हरजीत 173 मतों से जीते। संयुक्त सचिव पद के लिए पिथौरागढ़ के हेम परगाई को 517 अल्मोड़ा के कैलाश पपनोई को 345, अल्मोड़ा के हिमांशु गोस्वामी को 200 मत मिले, 42 मत निरस्त हुए। परगाई ने 172 मतों से जीत हासिल हुई।
संगठन मंत्री के लिए बागेश्वर के कैलाश कर्म्याल को 580, अल्मोड़ा के मोहित तिवारी को 580 मत मिले। 69 मत निरस्त हुए। कैलाश 125 मत से जीते। कोषाध्यक्ष पद पर अल्मोड़ा के कुलदीप बिष्ट को 538, बागेश्वर के गौरव कर्म्याल को 514 मत मिले। 52 मत निरस्त हुए। बिष्ट 24 मतों से विजयी रहे। संप्रेक्षक पद पर बागेश्वर के सुनील कुमार बिष्ट 80 मतों से जीते। सुनील को 556, प्रतिद्वंद्वी ऊधमसिंह नगर के मंगल सिंह को 476 मत मिले। 72 मत निरस्त हुए।
इन पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन
बागेश्वर। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर पिथौरागढ़ के नवीन चंद्र पाठक, प्रचार मंत्री पद पर स्वप्निल खुल्बे, सांस्कृतिक मंत्री पद पर सावित्री मुनोला को निर्विरोध चुना गया।