गरुड़ (बागेश्वर)। देश को आजादी दिलाने में विकासखंड गरुड़ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अहम योगदान रहा। उनकी यादों को ताजा रखने के लिए सरकार ने विकास खंड मुख्यालय में कई साल पूर्व जो स्मारक बनाया है वह बदहाल है। स्मारक स्थल घास फूस और कटीली झाड़ियों से पटा होने पर सेनानियों के आश्रितों ने नाराजगी जताई है।
राष्ट्रीय पर्वों पर प्रशासनिक अधिकारी और जन प्रतिनिधि उनका भावपूर्ण स्मरण करने स्मारक स्थल पर आते हैं। तब वह स्मारक की परेशानी देखकर नाराजगी जताते हैं। सेनानियों के आश्रितों ने कई बार जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से स्मारक स्थल को साफ-सुथरा रखने की मांग की है। बागेश्वर जिले के पहले सेनानी मोहन सिंह मेहता के आश्रित जीतेंद्र मेहता, स्वर्गीय सेनानी गुमान सिंह रावत के आश्रित बलवंत सिंह रावत और स्वर्गीय सेनानी राम सिंह चौहान, दिवान सिंह नेगी, लक्ष्मी दत्त कांडपाल के आश्रितों ने शासन-प्रशासन से स्मारक स्थल का सौंदर्यीकरण करने के संबंध में कई बार मांग की है। शासन-प्रशासन ने उनकी मांग की अनदेखी की है।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने स्मारक स्थल को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने नगर पंचायत के ईओ आरके जोशी और ब्लॉक प्रमुख हेमा बिष्ट से स्मारक स्थल में उगी झाड़ियों को नष्ट कराने के संबंध में अपने स्तर से कार्रवाई करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के दीवानों का अपमान जनता सहन नहीं करेगी। एसडीएम गरुड़ आरके पांडे ने क्षेत्र पंचायत गरुड़ से सेनानी स्मारक को साफ रखने के लिए कहा है। संवाद
02जीआरडी 01विकास खंड मुख्यालय में सेनानी स्मारक कटीली झाड़ियों से पटा