गरुड़ (बागेश्वर)। जल संस्थान की अणां-बानणा योजना से सात दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
31 जुलाई को पेयजल योजना की पाइप लाइन नदी के तेज बहाव में बह गई थी। इसके बाद से नगर क्षेत्र के नौघर, टीट बाजार, टानीखेत, भकुनखोला, गढ़सेर, स्याल्दे टीट, गोलू मार्केट, पाये नौघर में जल संकट गहरा गया है। लोग बारिश का पानी एकत्र कर उसे पीने को मजबूर हैं। टीट बाजार निवासी जीवन लाल वर्मा, भकुनखोला के पूर्व ग्राम प्रधान दयाल गिरी गोस्वामी, आनंद बिष्ट, किसन सिंह भसोड़ा, हरी बिष्ट, नवीन पांडे ने बताया कि बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को दुरुस्त करने के संबंध में कई बार जल संस्थान के अवर अभियंता को कहा है। जल संस्थान के जेई अशोक कुमार भट्ट ने बताया पेयजल लाइन गरुड़ गंगा में आधा किमी बह गई थी। विभाग के कर्मचारी लाइन दुरुस्त करने में जुटे हैं। बुधवार को नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। संवाद