बागेश्वर। दो दिन के अवकाश के बाद जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को मरीजों की भीड़ देखने को मिली। 620 मरीज जांच और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे।
सुबह आठ बजे से ही अस्पताल में मरीजों की आवाजाही शुरू हो गई। पर्चे के लिए मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार पर्चा काउंटर से गेट तक लगी रही। फिजीशियन कक्ष, नेत्र कक्ष, प्रसूता एवं महिला रोग कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर बड़ी संख्या में मरीज देखने को मिली। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके टम्टा ने बताया कि अस्पताल में इस समय अधिकतर मरीज पेट दर्द, बुखार, खांसी और जुकाम के साथ आम समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। दो दिन अवकाश होने के कारण बृहस्पतिवार को अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।