बागेश्वर/कपकोट। तेज बारिश के दौरान कपकोट के कन्यालीकोट और लाहुर में दो आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मलबे में दबने से एक दुधारु भैंस की मौत हुई है। दो मकानों के आंगन क्षतिग्रस्त हो गए। कई मकानों में मलबा घुस गया। बारिश के दौरान मलबा, बोल्डर गिरने से 13 सड़कों पर यातायात बाधित रहा। शाम को तीन सड़कों पर यातायात बहाल हो गया था। रविवार रात कपकोट क्षेत्र में 20 एमएम और बारिश हुई थी।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार लाहुर निवासी भारीचंद्र पुत्र कल्याण सिंह का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। गोशाला क्षतिग्रस्त होने से दुधारु भैंस की मौत हो गई। किचन क्षतिग्रस्त होने से खाद्यान्न सामग्री नष्ट हो गई। कन्यालीकोट निवासी प्रताप राम पुत्र मोहन राम का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। मिखिलाखलपट्टा के दुर्गासिंह पुत्र किशन सिंह, खड़क सिंह पुत्र गोपाल सिंह का आंगन क्षतिग्रस्त हुआ है। रिखाड़ी के भग राम, सूपी के दान सिंह के मकान में मलबा घुसने से खाद्य सामग्री, कपड़े आदि नष्ट हो गए हैं।
सड़कें बंद होने से 15 हजार लोग प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार रविवार की बारिश से भानी-हरसिंगियाबगड़, रमाड़ी-कनौली, पथिंग-शोभाकुंड, बनलेख-गणुवासिरमोली, पोथिंग, सूपी, तोली, बघर, बड़ेत, हरकोट, कपकोट-पिंडारी, मुनार-गांसी और भयूं-गुलेर सड़क मलबा और बोल्डर गिरने से बंद हो गई। सोमवार शाम भयूं-गुलेर, रमाड़ी-कनौली, पोथिंग-शोभाकुंड सड़क पर यातायात बहाल हो गया। दस सड़कें अब भी बंद हैं। सड़क बंद होने से करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित हुई है।