बागेश्वर। खोली ग्राम पंचायत के भटोली तोक में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। ग्रामीण आधा किमी दूर बने जलस्रोत से पीने का पानी लाने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान में ज्ञापन देकर जल्द आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
जिला मुख्यालय से करीब पांच किमी की दूरी पर बसे भटोली गांव में 12 परिवार रहते हैं। गांव के लिए 1986 में पेयजल योजना बनी थी। ग्राम पंचायत के अधीन इस पेयजल योजना से जल संस्थान की ओर से बनाई जा रही नई योजना के कारण पेयजल आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जल संस्थान कार्यालय में दिए गए ज्ञापन में बताया कि नई योजना के निर्माण के दौरान पूर्व की पेयजल योजना के स्रोत को नुकसान हुआ है। स्रोत से गांव के पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों ने कहा कि जिस स्रोत से कई वर्षों से पानी मिल रहा था वहां से नई योजना बनाकर विभाग ने गांव को पेयजल संकट में धकेल दिया है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में गोविंद सिंह, भगवत सिंह, ख्याली दत्त, रमेश चंद्र शर्मा, चंद्रशेखर लोहनी आदि थे।
अमसरकोट पेयजल योजना से नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी
बागेश्वर। नगरपालिका क्षेत्र के दो वार्ड में पेयजल आपूर्ति करने वाली अमसरकोट पेयजल योजना से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। पिछले वर्ष से कई बार योजना की पाइप लाइन सड़क चौड़ीकरण के कारण टूटती रही है। मानसून काल में भूस्खलन के कारण पाइप लाइन ध्वस्त हो गई थी। इन दिनों पाइप लाइन चोक होने के कारण क्षमता से कम पानी टंकी तक पहुंच रहा है। बृहस्पतिवार को कर्मचारी लाइन की खराबी चेक करने गए लेकिन अब तक समस्या सुलझ नहीं सकी है। पानी की आपूर्ति कम होने से लोगों को जरूरत से काफी कम पानी मिल रहा है। संवाद
अमसरकोट पेयजल योजना में पाइप चोक होने की आशंका को देखते हुए कर्मचारी लाइन की जांच कर रहे हैं। भटोली के लोगों ने लाइन टूटने का ज्ञापन दिया है। जल्द इसकी जांच कराई जाएगी।
सीएस देवड़ी, ईई जल संस्थान, बागेश्वर