बागेश्वर। सीडीओ संजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में मीटर होने के बावजूद रीडिंग के अनुसार बिल नहीं आने, कृषि यंत्रों का भुगतान नहीं होने समेत 12 शिकायतें दर्ज की गईं। सीडीओ ने अधिकारियों को प्राथमिकता से समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
पंद्रहपाली के कृष्ण चंद्र पांडेय ने मीटर रीडिंग के अनुसार बिल नहीं दिए जाने, चंदन सिंह कठायत ने पावर वीडर और अन्य कृषि उपकरणों का भुगतान नहीं होने, कौसानी और मल्ला डोबा के ग्राम प्रधानों ने जाड़ापानी-बगरी-मठपाल तक स्वीकृत सड़क के लिए लोनिवि को क्षतिपूरक पौधरोपण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। नीमा दफौटी ने नायल दफौट सड़क मार्ग से गांव तक सड़क बनाने, गांव के लिए पेयजल योजना प्रस्तावित कराने की मांग की। डुमलोट के ग्रामीणों ने कौसानी-भतड़िया मार्ग से प्राथमिक विद्यालय डुमलोट तक जिला योजना से स्वीकृत सड़क का विस्तारीकरण करने, धन सिंह डसीला ने जीतनगर, मंडलसेरा के आम रास्ते में मरम्मत कार्य कराने, द्यौनाई के गणेश राम ने बिजली बिल को संशोधित कराने की मांग की। इस मौके पर सीडीओ संगीता आर्या, डिप्टी सीएमओ डॉ. हरीश पोखरिया समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।