सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। हरियाणा के नूंह में हिंदुओं की जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य हिंदू वादी संगठनों ने रविवार को बाजार में जन चेतना रैली निकालकर नारेबाजी की।
रविवार को रैली निकालते हुए वक्ताओं ने नूंह की घटना की निंदा की। उन्होंने धर्म विशेष के एक घर में नमाज अदा करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि भविष्य में क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा भड़कने का खतरा है। उन्होंने क्षेत्र में रहने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन करने की मांग की। आरोप लगाया कि क्षेत्र के बाहरी लोग लव जिहाद की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में माहौल खराब हो रहा है। विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष बालम मेहरा ने क्षेत्र के लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए बाहरी व्यक्तियों के क्षेत्र में बिना सत्यापन के रहने, कारोबार करने पर इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को देने का अनुरोध किया। सोमेश्वर बाजार में मीट की दुकान सोमनाथ मंदिर परिसर से 500 मीटर दूर खोलने की मांग की। रैली में स्वामी बाल गोपालानंद महाराज, प्रेम रावल, राजेंद्र कैड़ा, भुवन जोशी, डॉ. देवेंद्र जोशी, पुष्कर मेहता, दलीप रौतेला, जयंत कैड़ा आदि शामिल रहे।