अल्मोड़ा। पनिउडियार रानीधारा कल्याण समिति के लोगों ने जाखनदेवी से रानीधारा को जाने वाले पटाल मार्ग में सीवर लाइन बिछाने से सड़क, रास्तों, पेयजल लाइनों को हुए नुकसान को जल्द दुरुस्त करने की मांग की।
समिति का शिष्टमंडल इस संबंध में उत्तराखंड पेयजल निगम निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और अनियमिताओं की भी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन बिछाने का काम अनियोजित तरीके से किया जा रहा है। क्षेत्र के सभी मार्गो में खुदाई कर दी गई है, लेकिन काम अधूरा पड़ा है। बारिश में नालियों का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह भाकुनी ने बताया कि निगम के अधिशासी अभियंता ने मंगलवार को क्षेत्र का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देेने वालों में त्रिलोचन जोशी, मनोज सनवाल, सतीश लोहनी, नरपाल बिष्ट, जीवन किरौला, बीपी डंगवाल, हरीश जोशी, जेएस बिष्ट आदि शामिल रहे। संवाद