धौलछीना (अल्मोड़ा)। नशे के खिलाफ भैंसियाछाना विकासखंड के सल्ला गांव की महिलाएं एकजुट हो गई हैं। उन्होंने सोमवार को नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए गांव में जागरुकता रैली निकाली। उन्होंने गांव में शराब सहित अन्य नशे का कारोबार करते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई का एलान किया। चेतावनी दी कि ऐसे व्यक्ति के पकड़े जाने पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।
प्रधान बलवंत टम्टा के नेतृत्व में निकली रैली गांव में घर-घर गई। उन्होंने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव की सीमा के भीतर अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। नशे का कारोबार करने की सूचना मिलने पर गांव की सभी महिलाएं एकजुट होकर उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगी। प्रधान ने बताया कि गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान आगे भी चलता रहेगा। लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ये रहे शामिल
कमला देवी, सरस्वती देवी, सरोजिनी देवड़ी, अंजलि देवी, अनीता देवी, दया देवी, गुड्डी देवी, नीमा देवड़ी, दीपा देवी, सुनीता भोज, आनंदी देवी, भगवती देवी, नीलम, सुनीता, मंजू देवी, प्रियंका, रीमा देवी, पार्वती देवी, गीता देवी, प्रेमा देवी, गोविंदी देवी, शकुंतला देवी, वंदना भोज, हेमा देवी, नीरज कुमार, जगदीश कुमार आदि।