बागेश्वर। खुनौली गांव के लिए बनी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। करीब 40 परिवारों को पीने का पानी जुटाने के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों की दौड़ लगानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से जल्द लाइन की मरम्मत कराने की मांग की।
छिड़िया गधेरे से खुनौली गांव के लिए पेयजल योजना का निर्माण किया गया है। बीते सोमवार को स्रोत से कुछ दूरी पर सड़क किनारे से गुजर रही लाइन पर चीड़ का बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से पाइप लाइन टूट गई और गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। ग्राम प्रधान नवीन कांडपाल ने बताया कि पाइप लाइन टूटने से ग्रामीणों की समस्या बढ़ गई है। विभाग को जानकारी देकर जल्द आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की गई है।
जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि पेड़ की चपेट में आकर टूटी पाइप लाइन की मरम्मत करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए गए हैं। जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी। संवाद