बागेश्वर। राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने विद्यालयों में रिक्त पड़े प्रधानाध्यापकों और विभाग में लंबे समय से खाली चल रहे उप शिक्षाधिकारियों के पद भरने की मांग तेज कर दी है। शिक्षकों ने बैठक कर अन्य समस्याओं पर चर्चा की और विभाग से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
रविवार को प्रकटेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित राजूहा शिक्षकों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रमेश सिंह रावत ने कहा कि कई विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पद रिक्त हैं। रिक्त पद के सापेक्ष शिक्षकों को प्रभार दिया गया है। इसका असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है। शिक्षकों ने जिले के तीनों विकासखंडों में एरियर देयकों का जल्द भुगतान करने, पानी और बिजली के बिलों का भुगतान समय पर करवाने, वर्ष 2011 से 2013 तक भुगतान किए गए आयकर नोटिस मामले का जल्द निस्तारण करवाने और कनिष्ठ-वरिष्ठ प्रकरणों की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। बैठक में प्रदेश सदस्य दीपेंद्र भट्ट, खुशाल राम, महेश चंद्र जोशी, संतोष सिंह दफौटी, हरीश सिंह थापा, आनंद मोहन जोशी, गोपाल प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद