बागेश्वर। अमर उजाला में जलभराव की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन जागा और मंडलसेरा में नालियों की सफाई करवाई। नाली में मलबा जमा होने से बारिश का पानी सड़क में जमा हो रहा था जिसके कारण आवाजाही करने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
मंडलसेरा-आरे बाईपास में कई स्थानों पर सड़क खराब है जबकि नालियों की भी उचित सफाई नहीं की गई थी। बीते सप्ताह लोनिवि ने नालियों को साफ तो किया लेकिन मिट्टी और मलबा नालियों के किनारे डंप कर दिया। बारिश होने से मिट्टी वापस नाली में जमा हो गई और नाली के मुहाने बंद होने से पानी सड़क पर जमा होने लगा। शनिवार के अंक में अमर उजाला ने मानसून की शुरूआत में ही जिला मुख्यालय की सड़कों पर जलभराव शीर्षक से खबर प्रकाशित की।
विभाग की कार्यप्रणाली से परेशान लोगों ने एसडीएम और आपदा प्रबंधन अधिकारी को फोन पर समस्या बताई। दोपहर बाद लोनिवि के श्रमिक और डंपर वाहन मौके पर पहुंचा और नालियों के पास जमा मलबा हटाया। श्रमिकों ने नालियों की भी सफाई की।
एसडीएम हरगिरि ने कहा कि नगर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए कार्य किया जा रहा है। मंडलसेरा-आरे बाईपास में नाली सफाई का काम चल रहा है। अन्य स्थानों पर भी जलभराव रोकने के ठोस उपाय किए जाएंगे।